प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से फरीदाबाद में अमृता हॉस्पिटल का उद्घाटन



स्वतंत्र सिंह भुल्लर नई दिल्ली 

फरीदाबाद में 135 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में अमृता हॉस्पिटल का शुभ उद्घाटन देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इसकी जानकारी इंजीनियर अरुण कुमार जैन ने दी जो अमृता हॉस्पिटल फरीदाबाद से जुड़े हैं तथा वहां की विभिन्न गतिविधियों में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहे हैं। इतने बड़े भूभाग में इस हॉस्पिटल के बनने से जहां मरीजों को अपना इलाज कराने में सहूलियत मिलेगी, वहीं लगभग 10,000 लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा। अस्पताल में चिकित्सा के लिए 81 विभाग बनाए गए हैं जो विभिन्न तरह की बीमारियों के उपचार का काम करेंगे। इस अस्पताल की खासियत यह होगी कि यहां संस्कार, सेवा एवं करुणा का भाव महत्वपूर्ण होगा ताकि रोगियों को कभी भी ऐसा नहीं लगे कि वह अस्पताल में भर्ती हैं। उल्लेखनीय है कि केरल के एक ग्राम में जन्मी सुधामणि आज संपूर्ण विश्व को सुधा पान करा रही हैं और पूरा विश्व आज उन्हें माता अमृतानंदमई नाम से जानता है। अभी तक चार करोड़ लोगों को अपना स्नेह, प्यार देकर उन्हें गले लगाया है यह अपने आप में एक अद्भुत घटना है। अम्मा द्वारा संचालित संस्थाओं में प्रतिवर्ष एक करोड़ लोगों को भोजन कराया जाता है, वही अम्मा ने 3 लाख लोगों को आवास भी प्रदान किया है। 47 लाख से अधिक लोगों को फ्री चिकित्सा प्रदान किया गया है जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। शिक्षा के क्षेत्र में 55000 से अधिक छात्रवृत्ति दी गई है, वही 50,000 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में स्वावलंबी बनाया गया है।