दिल्ली में शराब उपलब्ध - लेकिन ‘‘पानी नहीं’’ मुख्यमंत्री केजरीवाल जवाब दें ? डॉ. विजय जौली
सिमरन कनौजिया नई दिल्ली

दक्षिण दिल्ली, 17 जून 2022ः पूरी दिल्ली में पीने के पानी की किल्लत के कारण हाहाकार मचा हुआ है। लोगों के घरों में पिछले 15 दिनों से पीने के पानी की आपूर्ति ठप है। लोग सार्वजनिक प्रदर्शन कर अपने गुस्से को प्रकट कर रहे हैं। लेकिन दिल्ली सरकार चुप बैठी है।

भाजपा नेता डॉ. विजय जौली ने बताया कि दक्षिण दिल्ली की गरीब बस्तियों विशेषकर - संगम विहार ब्लाक-ए, बी, सी, डी, ई, एफ, जी, एच, आई ,जे, के, एल, एल-1, एम इत्यादि। तथा तिगड़ी, देवली गॉव, देवली रोड की कॉलोनियॉ - जवाहर पार्क, कृष्णा पार्क, राजू पार्क, शिव पार्क, बिहारी पार्क, दुर्गा विहार, देवली विस्तार, खॉनपुर, सैनिक फार्मस, मदनगीर व दक्षिणपुरी इलाकों में पीने के पानी की भारी किल्लत है।  

पूर्व भाजपा विधायक डॉ. जौली ने कहा कि दिल्ली की हर गली व कूचे-कूचे में शराब खुलेआम उपलब्ध है। एक बोतल शराब पर एक बोतल शराब मुफ्त मिल रही है। लेकिन पीने का पानी उपलब्ध नहीं है। दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में प्रति घर 20,000 लीटर पानी उपलब्ध करवाने का वादा किया था। पानी तो नहीं दिया अपितु दिल्ली में 850 शराब के ठेके गली-गली खोल दिये।

भाजपा नेता डॉ. जौली ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड का समर एक्शन प्लान घोषित नहीं किया। जल बोर्ड के सैकड़ों ट्यूबवैल खराब व बंद पड़े हैं। दिल्ली में गर्मी का पारा 48 से 52 डिग्री पर हैं। दिल्ली सरकार आँखे मूंदे बैठी हैं। लोगों के गुस्से से बचने के लिए, आम आदमी पार्टी विधायक अपने -अपने विधानसभा क्षेत्रों से गायब हैं।